Advertisement

डीआरएम ने की सोनपुर-बरौनी व् बरौनी-कटिहार रेलखंड का व्यापक निरीक्षण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने बीते 10 एवं 11 सितंबर को रेल मंडल के सोनपुर-बरौनी एवं बरौनी-कटिहार रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन, संरक्षा, सुरक्षा, स्टेशन प्रबंधन और यात्री सुविधाओं का गहन जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार डीआरएम द्वारा निरीक्षण की शुरुआत 10 सितंबर की मध्य रात्रि में समपार क्रमांक 53/A/T और बेगूसराय स्टेशन के औचक निरीक्षण से की गयी। डीआरएम ने समपार की कार्यप्रणाली, संरक्षा मानकों और स्टेशन संचालन का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं 11 सितंबर को उन्होंने बरौनी वाशिंग पिट में कोच अनुरक्षण, साफ-सफाई और रख-रखाव व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद गढ़हरा में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया और परिसर में वृक्षारोपण कर हरित रेलवे का संदेश दिया।

इसी क्रम में डीआरएम सरन ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) बरौनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर रेल परिचालन और बेहतर समन्वय पर चर्चा की। खगड़िया में उन्होंने 20 बेड वाले आरपीएफ बैरक का शिलान्यास किया। थाना बिहपुर स्टेशन पर उन्होंने स्टेशन परिसर, फुट ओवर ब्रिज, साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा नवनिर्मित क्रू रेस्ट रूम का उद्घाटन किया। इसके बाद सेमापुर स्टेशन परिसर एवं ट्रैक का संरक्षा निरीक्षण और बरौनी-कटिहार रेलखंड पर विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया।

इस अवसर पर डीआरएम सरन ने कहा कि सुरक्षित, संरक्षित एवं सुगम रेल परिचालन सोनपुर रेल मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए हर स्तर पर निरंतर निगरानी और सतर्कता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने संरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी लापरवाही से बचने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रेल मंडल की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *