Advertisement

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम को डीएम ने दिए निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिला पदाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने जिले में बाढ़ के बाद उत्पन्न संभावित स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी चुनौतियों को लेकर 15 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित आठ प्रखंडों में जहां पानी घट चुका है, वहां चूना, गैमेक्सिन पाउडर एवं ब्लीचिंग पाउडर का पर्याप्त मात्रा में छिड़काव सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

जानकारी के अनुसार डीएम ने सारण जिला मुख्यालय छपरा समाहरणालय स्थित अपने कक्ष में आयोजित बैठक में उपरोक्त निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित एवं जल-जमाव वाले क्षेत्रों में पानी निकलने के बाद व्यापक साफ-सफाई कराने पर जोर दिया, ताकि संक्रमण एवं जल जनित बीमारियों के प्रसार की संभावना को कम किया जा सके।

बैठक के दौरान डीएम ने जिला के हद में सोनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कराए जा रहे स्वच्छता कार्यों की जानकारी ली। बीडीओ द्वारा बताया गया कि जहां पानी घट चुका है, ऐसे लगभग 90 प्रतिशत क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा चुका है। पंचायत स्तर पर प्रभारी कार्यपालक सहायक, पंचायत सचिव, विकास मित्र एवं अन्य कर्मियों की टीम गठित कर यह कार्य कराया जा रहा है तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

डीएम ने सभी बाढ़ प्रभावित प्रखंडों में अस्पतालों की मेडिकल टीम एवं संबंधित टीमों के समन्वय से एंटी-लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों के प्रसार की रोकथाम के लिए आवश्यक सभी उपाय समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से किए जाएं। उन्होंने सभी बाढ़ प्रभावित प्रखंडों से एंटी-लार्वा छिड़काव, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव तथा स्वच्छता कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डीएम ने ग्रामीण एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग मशीन से नियमित फॉगिंग कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने पर्याप्त संख्या में फॉगिंग मशीन उपलब्ध कराकर अभियान चलाने तथा सभी गतिविधियों का समुचित डॉक्यूमेंटेशन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किए जा रहे कार्यों की जानकारी सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से भी आमजन तक पहुंचाई जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *