Advertisement

ओपी पुलिस के समीप से सीसीएल सुरक्षा कर्मियों ने जब्त किया अवैध कोयला भंडार

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में कथारा ओपी थाना के नाक के निचे चल रहे अवैध कोयला के कारोबार का भंडाफोड़ 15 सितंबर को क्षेत्र के सीसीएल सुरक्षा विभाग द्वारा किया गया। सुरक्षा कर्मियों द्वारा लगभग 5 टन अवैध रूप से जमा किए गये कोयला बरामद किया गया, जिसे कथारा कोलियरी कोयला स्टॉक में जमा कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कथारा ओपी से महज लगभग 200 मीटर की दुरी पर स्थित रीजनल सब-स्टेशन के समीप अवैध कोयला कारोबारियों द्वारा जमा कर रखे गये अवैध कोयला को महाप्रबंधक कार्यालय के सुरक्षा प्रभारी इबरार के नेतृत्व में बरामद करने की कार्रवाई की गयी। बताया जाता है कि अवैध कोयला भंडारण की गुप्त सूचना क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) ए.के.बी. सिंह को दी गयी।

जीएम के निर्देश के बाद कथारा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी रंजीत कुमार तथा डिपु प्रबंधक अवनीश कुमार ने उक्त स्थल का दौरा किया, इसके बाद क्षेत्रीय कार्यालय के सुरक्षा प्रभारी के माध्यम से अवैध भंडारण किए गये कोयले को जब्त किया गया। जिसे कैंपर की मदद से कोलियरी स्टॉक में जमा कर दिया गया।

सूत्र बताते है कि इस प्रकार के अवैध कोयला का भंडार अवैध कारोबारियों द्वारा आसपास कई जगहों में किया गया है। रहिवासियों ने आरोप लगाया है कि स्थानीय पुलिस के संरक्षण में यहां बड़े पैमाने पर अवैध कोयले का कारोबार किया जा रहा है। आरोप है कि थाना के एक चहेते निजी कर्मी द्वारा उक्त अवैध कारोबार को संरक्षित किया जा रहा है। रहिवासी भयवश मुंह खोलने से कतरा रहे है।

सवाल यह उठना लाजमी है कि विद्युत सब स्टेशन के समीप अवैध कोयला का भंडारण की जा रही थी, क्या इसकी जानकारी सब स्टेशन में कार्यरत कर्मियों अथवा नजदीकी पुलिस स्टेशन के पदाधिकारियों को नहीं थी? ऐसा तो नहीं कि पुरा का पुरा दाल हीं काला है। यह गंभीर चिंता तथा जांच का विषय है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *