Advertisement

सोनपुर सहित रेल मंडल के सभी स्टेशनों पर रेल जन संवाद का आयोजन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में विशेष अभियान 6.0 के तहत 22 अक्टूबर को रेल जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभर के स्टेशनों पर चल रहे इस अभियान के तहत सोनपुर रेल मंडल के सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर यात्रियों से सीधा संवाद कर स्वच्छता और यात्री सुविधाओं पर फीडबैक लिया गया।

जानकारी के अनुसार सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने सोनपुर जंक्शन पर स्वयं यात्रियों से जन संवाद किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल स्टॉल समेत अन्य यात्री सुविधा क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया और यात्रियों से सुझाव मांगे। उन्होंने यात्रियों से स्वच्छ रेल परिसर बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

इस दौरान डीआरएम सरन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रेलवे स्वच्छता अभियान के तहत निरंतर प्रयास कर रहा है। सोनपुर रेल मंडल यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधायुक्त वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि यात्रियों से मिले सुझावों और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन कुमार तांती ने हाजीपुर जंक्शन पर रेल जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया और यात्रियों से स्वच्छता व सुविधाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया।

रेल मंडल के अन्य सभी स्टेशनों पर भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों के साथ संवाद स्थापित किया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं को जानना, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना और जन भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर सोनपुर स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *