Advertisement

सदर अस्पताल बोकारो में जटिल फ्रैक्चर की प्रोक्सिमल फेमर नैलिंग का सर्जरी सफल

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद एवं उपाधीक्षक सदर अस्पताल बोकारो डॉ एन.पी. सिंह के निर्देशन में सदर अस्पताल में एक जटिल ऑर्थोपेडिक सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गई।

सदर अस्पताल बोकारो में लगातार जटिल एवं गंभीर मामलों का सफलतापूर्वक उपचार किया जा रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रही है। इस क्रम में 60 वर्षीय महिला मरीज दाहिने जांघ की हड्डी (राइट फेमर) के सबट्रोसेन्टरिक फ्रैक्चर से पीड़ित थीं। मरीज को पूर्व से उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) एवं ईसकेमिक हर्ट डिजीज (आईएचडी) की समस्या भी थी।

इन स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं को ध्यान में रखते हुए ऑपरेशन के दौरान विशेष सावधानी एवं चिकित्सकीय निगरानी रखी गई। मरीज का प्रोक्सिमल फेमर नैलिंग (पीएफएन) ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। सर्जरी का नेतृत्व ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ अमित ने किया, जबकि एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ सौरभ सांख्यायन की देखरेख में एनेस्थीसिया प्रबंधन किया गया। ऑपरेशन 20 सितंबर को प्रातः 10:30 बजे से दोपहर एक बजे तक सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

सदर अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम के समन्वित प्रयास से मरीज की जटिल स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की गई। ऑपरेशन के पश्चात मरीज को आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद एवं उपाधीक्षक डॉ एन.पी. सिंह ने पूरी चिकित्सकीय टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल बोकारो में जटिल से जटिल मामलों के उपचार एवं विशेषज्ञ सर्जिकल सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि जिले के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *