Advertisement

बोकारो के बी.एस. सिटी थाना क्षेत्र में कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई

क्षेत्र के 12 दुकानों में चालान से वसूला गया ₹2,900 जुर्माना

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले में तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के अवैध उपयोग एवं बिक्री पर नियंत्रण तथा कोटपा अधिनियम के प्रभावी अनुपालन को लेकर पुलिस अधीक्षक बोकारो एवं सिविल सर्जन के निर्देशन में जिले में लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 20 सितंबर को बी.एस. सिटी थाना क्षेत्र में कोटपा अधिनियम के तहत जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई। कोटपा नोडल पदाधिकारी सह बी.एस. सिटी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शशिकांत कुमार के नेतृत्व में सार्वजनिक स्थानों एवं दुकानों पर जांच की गई। जांच के दौरान कोटपा के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 12 चालान काटे गए तथा ₹2,900 का जुर्माना वसूला गया।

बताया जाता है कि इस दौरान दुकानदारों एवं आम रहिवासियों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू सेवन से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ हीं नियमों का पालन करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि तंबाकू के दुष्प्रभावों से आमजनों को बचाने एवं जिले में तंबाकू नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कोटपा प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *