मंत्री ने श्रीमद् देवी महापुराण ज्ञान यज्ञ का किया शुभारंभ
ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने 18 अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के तेनुघाट न्यू मार्केट स्थित दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर मंत्री ने समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों ने फूल-माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंटकर मंत्री का स्वागत किया। साथ ही शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर ब्रह्मलीन उर्मिला गुप्ता की पुण्य स्मृति में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद् देवी महापुराण भक्ति एवं ज्ञान यज्ञ का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

उसके बाद कथा वाचक श्री श्री 1008 श्री ब्रह्मचारी आशुतोष चैतन्य जी महाराज (त्रिदण्डी आश्रम, शंकराचार्य आश्रम, मध्य प्रदेश) द्वारा सुनाई जा रही भागवत कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर दीपक गुप्ता, संजय शर्मा, दया शंकर गुप्ता सहित अन्य दर्जनों गणमान्य मौजूद थे, वहीं मंत्री के स्वागत में तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो पूरे दल-बल के साथ पंडाल परिसर में मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply