Advertisement

बोकारो के नावाडीह में केबी कॉलेज एनएसएस द्वारा पॉक्सो जागरूकता कार्यशाला

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) धनबाद की अंगीभूत इकाई बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित के. बी. कॉलेज बेरमो द्वारा 24 अक्टूबर को पॉक्सो जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला जिला के हद में नावाडीह स्थित राजकीयकृत सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स में आयोजित किया गया।

कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा प्राचार्य लक्ष्मी नारायण के निर्देश एवं कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार के नेतृत्व व अगुवाई में बच्चों एवं स्कूल के सभी हितधारकों की उपस्थिति में पॉक्सो जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस झारखंड सरकार द्वारा शुरू की गई एक प्रमुख शैक्षिक पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के गरीब और मध्यवर्गीय बच्चों को निजी स्कूलों से भी बेहतर व आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों को सरल एवं सहज भाषा में समझाया गया। बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों व किसी भी अनुचित घटना की स्थिति में अभिभावक, शिक्षक अथवा संक्षम पदाधिकारी को तत्काल सूचना देने के महत्व के बारे में बताया।

इस दौरान सुरक्षित स्पर्श तथा असुरक्षित स्पर्श की भी जानकारी दी गई। बच्चों को समझाया गया कि उन्हें अपने शरीर की निजता व व्यक्तिगत सीमाओं के प्रति सजग रहना चाहिए। किसी भी प्रकार के असहज या अनुचित स्पर्श की स्थिति में भयभीत होने के बजाए इसकी जानकारी अपने माता पिता, अभिभावक या शिक्षक को देनी चाहिए।

पॉक्सो जागरूकता कार्यशाला में कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार, एनएसएस स्वयं सेवक सोनू कुमार शर्मा, स्कूल के प्रधानाध्यापक राजीव रंजन तिवारी, शिक्षक प्रवीण कुमार रजवार, आनंद महतो, सरोज कुमार ठाकुर, उपेंद्र कुमार, ललन कुमार दास, लक्ष्मण ठाकुर, संतोष कुमार, विकास कुमार, अंजली सिंह, पूनम कुमारी, अभिषेक चक्रवर्ती, रूपेश कुमार, राजा बाबू, इमरान अंसारी आदि उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *