Advertisement

मतदाता सूची की कथित गड़बड़ियों पर जवाब दे चुनाव आयोग-नायक

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। वोट बचाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए देश की राजधानी दिल्ली कूच करेगा झारखंड। आगामेक नवंबर की महारैली में हजारों-हजार रहिवासी शामिल होंगे। मतदाता सूची की कथित गड़बड़ियों और एसआईआर पर चुनाव आयोग जवाब दे। कांग्रेस का संकल्प है हर मतदाता के मताधिकार की रक्षा करना।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने 24 अक्टूबर को उक्त बाते कही। उन्होंने कहा कि आगामी एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली में झारखंड से हजारों-हजार कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी, समर्थक एवं लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले रहिवासी शामिल होंगे। कहा कि यह महारैली देश में लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रीय अभियान को नई ताकत देगी।

नायक ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में झारखंड में अभियान को व्यापक जनांदोलन का स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। कहा कि प्रखंड से जिला और प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक बैठकों, प्रेस कॉन्फ्रेंस, जनजागरण कार्यक्रमों तथा जनसंपर्क के माध्यम से आमजनों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में झारखंड की भागीदारी ऐतिहासिक और प्रभावशाली होगी।

राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन दिल्ली पहुंचकर इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करेंगे। यह केवल एक राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक देशवासी के मताधिकार, संवैधानिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा का संकल्प है।

कांग्रेस प्रवक्ता नायक ने कहा कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायतों तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का चुनाव आयोग को स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए। किसी भी पात्र मतदाता को उसके मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। मतदाता सूची की शुद्धता, चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और चुनाव आयोग की निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियादी शर्तें हैं। उन्होंने भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है। लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती तभी सुनिश्चित होगी, जब प्रत्येक मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे और उसे बिना किसी भेदभाव या अनुचित हस्तक्षेप के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर मिले। मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।

नायक ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देश के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के माध्यम से कांग्रेस आमजनों के बीच जाकर चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय मतदाता सूची और चुनावी पारदर्शिता से संबंधित सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने झारखंड के कांग्रेस पदाधिकारियों, जिला एवं प्रखंड अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई तथा सभी समर्पित कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में झारखंड की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड से हजारों-हजार की भागीदारी यह संदेश देगी कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के सवाल पर राज्य की जनता सजग है तथा हर मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *