विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड मुख्यालय सभागार में 27 अक्टूबर को वीबी-जी राम जी, आवास एवं अन्य योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने की। बैठक में समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बीडीओ महादेव कुमार महतो की अध्यक्षता में आयोजित वीबी-जी राम जी, आवास योजना एवं अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके क्रियान्वयन में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान बीडीओ महतो ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सभी संचालित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समय पर समाधान करने, लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संबंधित कर्मी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। साथ ही, योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आवास योजनाओं की प्रगति तथा वीबी-जी राम जी के अंतर्गत संचालित कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई। संबंधित कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और कार्यों में अनावश्यक विलंब से बचने का निर्देश दिया गया। समीक्षा बैठक में सभी पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक (जिआरएस), बीएफटी, कनीय अभियंता (जेई), सहायक अभियंता (एई), प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply