Advertisement

बीएंडके में सतर्कता जागरूकता के तहत शिकायत पेटी व् ई-प्लेज बूथ का अनावरण

भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए आमजनों की भागीदारी जरूरी-जीएम

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो कोयलांचल में सीसीएल कर्मियों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करने की पहल की जा रही है। सतर्क भारत-समृद्ध भारत की अवधारणा के तहत सीसीएल की परियोजनाओं में सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत बीएंडके क्षेत्र के महाप्रबंधक द्वारा 27 अक्टूबर को शिकायत एवं सुझाव पेटी तथा ई-प्लेज (e-Pledge) बूथ का अनावरण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सभी विभागों के प्रमुखों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक एस. के. झा द्वारा शपथ लेने वाले संबंधित कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा शपथ प्रमाण-पत्र (इंटेग्रीटी प्लेज सर्टिफिकेट) भी वितरित किए गए। इसी श्रृंखला में शिशु विकास विद्यालय संडे बाजार के स्कूली बच्चों ने भी सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित एक रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया और आकर्षक रंगोलियाँ बनाकर जागरूकता का संदेश दिया।

मौके पर जीएम एस. के. झा ने कहा कि भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए आमजनों की भागीदारी जरूरी है। कहा कि एक सप्ताह तक चलने वाले सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम का लक्ष्य जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी व निष्ठा को बढ़ावा देना है। उस दौरान कर्मचारियों के बीच निबंध व स्लोगन लेखन प्रतियोगिता कराई जाएगी, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। क्षेत्रीय कार्यालय के प्रबंधक मानव संसाधन पी एन सिंह ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस साल भी सीसीएल के सभी परियोजनाओं में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान कर्मचारियों व अधिकारियों को शपथ दिलाते हुए कार्य के प्रति सजगता का पाठ पढ़ाया जाएगा।

कहा कि कार्यक्रम के प्रथम दिन 27 अक्टूबर को सतर्कता रथ निकालकर क्षेत्र के रहिवासियों को भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी सीसीएल कर्मी अपने कार्य का निर्वहन ईमानदारी से करें। सीसीएल में कामगारों को सुविधा एवं सुरक्षा देने के लिए फंड की कमी नहीं है। सभी कामगार सतर्क रहते हुए खदानों में काम करें। सभी कर्मी भ्रष्टाचार के प्रति सतर्क रहें और किसी को भी रिश्वत न दें। मौके पर जीएम प्रोडक्शन सुधीर सिंहा, विभागाध्यक्ष माइनिंग शंकर कुमार, एएफएम राजीव रंजन आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *