Advertisement

बगियारी में एसआरएचआर स्वास्थ्य प्रशिक्षण में किशोरियों को किया गया जागरूक

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सहयोगिनी संस्था की ओर से बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगियारी गांव में किशोरियों एवं महिलाओं को यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य एवं अधिकार (एसआरएचआर) के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 16 अक्टूबर को स्वास्थ्य प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान किशोरियों के स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा प्रजनन स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। प्रशिक्षक कुमारी मंजू ने इस अवसर पर कहा कि किशोरावस्था जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें शारीरिक एवं मानसिक बदलाव होते हैं। इस दौरान किशोरियों को अपने स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सहयोगिनी समन्वयक कुमारी किरण ने कहा कि यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य से संबंधित सही जानकारी प्रत्येक किशोरी एवं महिला के लिए आवश्यक है।

उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित स्वास्थ्य व्यवहार और स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किशोरियों को अपनी समस्याओं को समझने, सही जानकारी प्राप्त करने तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य कर्मियों से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया। सहयोगिनी के कोऑर्डिनेटर प्रकाश कुमार महतो ने कहा कि संस्था किशोरियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य और अधिकारों के साथ-साथ उनके नेतृत्व क्षमता विकास तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ाव को लेकर लगातार कार्य कर रही है। किशोरियों को जागरूक, आत्मनिर्भर और नेतृत्वकर्ता बनाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है, ताकि वे अपने अधिकारों को समझ सकें, अपनी समस्याओं को प्रभावी ढंग से रख सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

उन्होंने कहा कि किशोरियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना सहित शिक्षा एवं छात्रवृत्ति से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही किशोरी समूहों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिला एवं बाल अधिकारों जैसे विषयों पर नियमित चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, शिक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़ाव किशोरियों को सशक्त बनाने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों को दूर करने, स्वच्छता अपनाने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर उचित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। सहयोगिनी संस्था का प्रयास है कि किशोरियां स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता विकसित कर अपने परिवार, समुदाय और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। मौके पर संस्था की मंजू देवी, रेखा देवी, बिनीता देवी, पुष्पा देवी, संगीता देवी आदि मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *