Advertisement

नशा मुक्ति अभियान में युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के तहत माय भारत बोकारो के तत्वावधान में जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के सदमा कला पंचायत सभागार में 17 अक्टूबर को नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

नशे के खिलाफ पीढ़ी, नशामुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बुंडू पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति ने की। मौके पर जिला युवा पदाधिकारी गौरव कुमार, डॉ श्रेयशी सिन्हा, पूर्व मुखिया पंकज कुमार सिन्हा, राकेश शर्मा और महेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान जिला युवा पदाधिकारी गौरव कुमार ने माय भारत की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सदमा कला पंचायत में युवाओं को नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ योगाभ्यास के साथ किया गया।

इसके बाद युवाओं ने नशामुक्ति से संबंधित स्लोगन लिखकर स्लोगन बॉक्स में डाले। साथ ही नशे का सेवन नहीं करने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक शपथ भी ली।
इस अवसर पर डॉ श्रेयशी सिन्हा ने तंबाकू, सिगरेट और शराब के सेवन से होने वाली विभिन्न बीमारियों एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

मुखिया निहारिका सुकृति ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के बीच नशे की प्रवृत्ति बढ़ना चिंता का विषय है। इस पर रोक लगाने के लिए सबसे पहले अपने घर और परिवार से नशामुक्ति अभियान की शुरुआत करनी होगी। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और इस लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मौके पर ज्ञान विज्ञान समिति के उपाध्यक्ष पंकज कुमार सिन्हा, सुरेंद्र प्रसाद ठाकुर, डॉ राकेश शर्मा, महेश प्रसाद महतो और रुद्रा देवी ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का संचालन ज्ञान विज्ञान समिति के प्रांतीय कोषाध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद ठाकुर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रमेश मुंडा, सागर प्रसाद महतो, जब्बार अंसारी, वीरेंद्र ठाकुर, वीरेंद्र महतो, अनुज कुमार टैगोर, अनिल कुमार टैगोर, गायत्री देवी, बसंती देवी सहित दर्जनों युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *