Advertisement

ट्रैक्टर की चपेट में आने से भाई-बहन गंभीर रूप से घायल, विरोध में सड़क जाम

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के स्वांग में 10 सितंबर की देर संध्या खाली ट्रैक्टर की चपेट में आने से ट्यूशन पढ़कर घर जा रहे भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद आक्रोशित रहिवासियों ने गोमिया-कथारा मुख्य मार्ग पर सड़क जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार गोमिया थाना क्षेत्र के सीआरपीएफ कैंप के समीप 10 सितंबर की देर संध्या एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो सगे भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान करमटिया बस्ती रहिवासी छोटन रविदास के पुत्र एवं पुत्री विशाल रविदास एवं रोशनी कुमारी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों भाई बहन ट्यूशन पढ़कर अपने घर करमटिया लौट रहे थे।

वे सड़क किनारे खड़े थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर क्रमांक -JH 09AR/6056 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रहिवासी मौके पर पहुंचे और घायल भाई बहन को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका का इलाज चल रहा है। वहीं घायल युवक की स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है।

बताया जाता है कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। जिसे आसपास के रहिवासियों ने पीछा कर स्वांग गेस्ट हाउस के समीप पकड़ लिया तथा इसकी सूचना गोमिया थाना को दी गई। सूचना मिलते ही गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को जब्त कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।

घटना से आक्रोशित रहिवासियों ने गोमिया-कथारा मुख्य सड़क को जाम कर दिया है। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। कहा कि काफी समझाने बुझाने के बाद देर रात्रि सड़क जाम को हटाया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *