Advertisement

कस्तूरबा विद्यालय में किशोरियों की स्वास्थ्य जांच व् एनीमिया को ले जागरूकता

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बोकारो जिला समाज कल्याण शाखा द्वारा 7 अक्टूबर को जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर एनीमिया जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में एनीमिया की समय पर पहचान, इसके कारणों एवं बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा किशोरावस्था में स्वास्थ्य, पोषण एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व को समझाना रहा। इस दौरान विद्यालयों में उपस्थित किशोरियों की एनीमिया जांच की गई। साथ ही, उन्हें एनीमिया के प्रमुख लक्षण, कारण, बचाव एवं उपचार से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई।

इस अवसर पर किशोरियों को बताया गया कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन से एनीमिया की रोकथाम में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। कार्यक्रम के दौरान माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली को लेकर भी जागरूक किया गया। किशोरियों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को अपने दैनिक आहार में शामिल करने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर सी थ्री संस्था बोकारो के कार्यक्रम पदाधिकारी निलेश कुमार ने किशोरियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनीमिया से बचाव के लिए दैनिक आहार में स्थानीय एवं मौसमी फल, हरी पत्तेदार सब्जियां, दाल, चना, गुड़ सहित अन्य आयरन एवं पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। उन्होंने किशोरियों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित आयरन-फोलिक एसिड (आइएफए) की खुराक का नियमित सेवन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ किशोरी ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला है। बोकारो जिला प्रशासन द्वारा किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण एवं समग्र विकास को लेकर जागरूकता एवं जांच संबंधी गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *