रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मंजुरा रहिवासी एवं कसमार अंचल कार्यालय के सेवानिवृत्त नाजिर हरिचरण महतो का 8 जून को निधन हो गया।
उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे लंबे समय तक अंचल कार्यालय में अपनी सेवाएं देते रहे और अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा तथा ईमानदार कार्यशैली के लिए जाने जाते थे।
दिवंगत हरिचरण महतो ने सरकारी सेवा के दौरान आम जरूरतमंदो के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनके व्यवहार और कार्यशैली के कारण वे अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम रहिवासियों के बीच काफी सम्मानित थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे और क्षेत्र के रहिवासियों के सुख-दुःख में सहभागी बनते थे।
उनके आकस्मिक निधन से मंजुरा गांव सहित पूरे कसमार क्षेत्र में शोक का माहौल है। उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं शुभचिंतक पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि उनका जीवन समाज और प्रशासनिक सेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण था। उनका निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ग्रामीणों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि संदेश में शामिल क्षेत्र के रहिवासियों के अनुसार सेवानिवृत्त नाजिर एवं मंजुरा रहिवासी महतो के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति दें।
![]()













Leave a Reply