Advertisement

नेहरू के सपनों पर भाजपा का बुलडोजर नहीं चलने देंगे-विजय शंकर नायक

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची की धरोहर एचइसी को मरने नहीं दिया जाएगा। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित नेहरू के सपनों पर भाजपा का बुलडोजर नहीं चलने देंगे। एशिया के गौरव एचइसी को बचाने के लिए केंद्र सरकार तत्काल पुनरुद्धार पैकेज दे। उक्त बातें झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने 14 जून को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कही।

प्रदेश प्रवक्ता नायक ने कहा कि हेवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन (एचइसी) केवल एक सार्वजनिक उपक्रम नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने जिस औद्योगिक भारत का सपना देखा था, एचइसी उसकी सबसे बड़ी पहचान है। कभी एशिया के सबसे बड़े इंजीनियरिंग कारखानों में शामिल एचइसी ने देश के रक्षा, अंतरिक्ष, इस्पात, ऊर्जा और आधारभूत संरचना निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया है।

नायक ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पिछले 12 वर्षों में भाजपा सरकार की उपेक्षा, गलत नीतियों और सार्वजनिक उपक्रमों को कमजोर करने की सोच के कारण एचइसी गंभीर संकट में पहुंच गया है। कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, उत्पादन प्रभावित है और हजारों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आत्मनिर्भर भारत की बात करने वाली सरकार देश के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक संस्थानों में से एक को बचाने के लिए गंभीर क्यों नहीं है? झारखंड की जनता जानना चाहती है।

नायक कहा कि झारखंड कांग्रेस मांग करती है कि एचइसी के लिए विशेष पुनरुद्धार (रिवाइवल) पैकेज तत्काल घोषित किया जाए। कर्मचारियों के लंबित वेतन और बकाया राशि का भुगतान किया जाए। एचइसी को डीआरडीओ, इसरो, एचएएल, सेल, एनटीपीसी, रेलवे एवं रक्षा क्षेत्र के बड़े कार्यादेश दिए जाए। एचइसी के आधुनिकीकरण के लिए विशेष निवेश किया जाए। इसकी भूमि और परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। केंद्र सरकार एचइसी को राष्ट्रीय महत्व के रणनीतिक औद्योगिक संस्थान के रूप में विकसित करे।

नायक ने कहा कि एचइसी को बचाना केवल एक उद्योग को बचाना नहीं है, बल्कि झारखंड की औद्योगिक पहचान, हजारों परिवारों की आजीविका और भारत के औद्योगिक स्वाभिमान को बचाना है। कांग्रेस पार्टी एचइसी को बंद करने, कमजोर करने या उसकी संपत्तियों को बेचने की किसी भी कोशिश का पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि एचइसी बचेगा तो झारखंड बचेगा, एचइसी चलेगा तो हजारों घरों का चूल्हा जलेगा। पं. नेहरू के सपनों को भाजपा की विफल नीतियों से मिटने नहीं दिया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *