प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। जरूरतमंदो को लोन दिलाने के नाम पर शातिर पति पत्नी दर्जनों महिलाओं से ठगी कर फरार हो गये। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में अति सुंदरवर्ती क्षेत्र में लोन दिलाने के नाम पर शातिर पति-पत्नी के जोड़ा द्वारा 56 महिलाओं के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपी पति-पत्नी महिलाओं से लोन पास करवाने के बहाने उनके दस्तावेज और लोन की राशि गवन कर फरार हो गए हैं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोमिया प्रखंड के हद में चुट्टे की रहने वाली 56 महिलाओं को आरोपी दंपत्ति जीरु कुमारी व अजय कुमार ठाकुर ने कम ब्याज पर बच्चों की पढाई, शादी विवाह के नाम पर लोन दिलाने का लालच दिया था। इस लालच में आकर महिलाएं उनके जाल में फंस गईं। महिलाओं के आधार कार्ड, बैंक खाते और अन्य दस्तावेज लेकर शातिर दंपति ने कई निजी फाइनेंस कंपनियों से लोन स्वीकृत कराया। जब लोन की राशि महिलाओं के खाते में आई, तो आरोपियों ने सांठगांठ करके लोन की रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर ली।
शातिर दंपति ने महिलाओं का भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में अपने हीं आवास को एक कथित कार्यालय का रूप दिया, कुछ महिलाओं को लोन की छोटी रकम भी दिलाई, ताकि अन्य महिलाएं भी उनके झांसे में आ सकें। जब महिलाओं के खाते में लोन के पैसे आने शुरू हुए तो ज्यादा ब्याज चुकाने का दाव खेला और उनकी पूरी रकम अपने खाते में ले लिए।
लोन की रकम लेकर आरोपी पति पत्नी जीरु कुमारी व अजय कुमार ठाकुर बीते 23 फरवरी को अचानक फरार हो गये। आरोपियों के फरार होने के बाद फाइनेंस कंपनियों ने महिलाओं से किश्त जमा करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब महिलाओं को पता चला कि उनके नाम पर ली गई रकम लेकर आरोपी भाग गए हैं तब सभी सन्न हो गए। अब भुक्तभोगी रहिवासी महिलाएं चतरोचट्टी थाने का चक्कर काट रही हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं।
शातिर पति-पत्नी के फरार होने के बाद से, फाइनेंस कंपनियों के रिकवरी एजेंट अब इन पीड़ित महिलाओं के घर पहुंचकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। महिलाओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और गाली-गलौज की जा रही है। इन बेबस महिलाओं का आरोप है कि एजेंट सुबह से लेकर देर रात तक उनको परेशान करते हैं। उन्हें रिकवरी एजेंटों द्वारा मानसिक रूप से इतना परेशान किया जा रहा है कि वे सुसाइड करने को मजबूर हैं।
अब तक आरोपी वापस नहीं लौटे, तो महिलाओं को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों के बैंक खातों और लोकेशन की जांच कर रही है। पुलिस ने ऐसे ठगो से रहिवासीयों भी को सावधान रहने की अपील की है।
![]()













Leave a Reply