Advertisement

पत्थरकट्टा चौक पर बोकारो पुलिस का अनोखा ट्रैफिक जागरूकता अभियान

पुलिस द्वारा हेलमेट पहनने वालों को किया गया सम्मानित

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से बोकारो पुलिस द्वारा 8 जून को जिला के हद में पत्थरकट्टा चौक पर एक अनोखा ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बिना हेलमेट वाहन चला रहे वाहन चालकों को रोककर उन्हें माला पहनाई गई तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। वहीं हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे जिम्मेदार वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चालकों व् सवारों को सीट बेल्ट लगाने सहित अन्य यातायात नियमों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतों और गंभीर चोटों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के नियमित उपयोग से रोका जा सकता है। इसलिए प्रत्येक वाहन चालक व् सवार को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।

जांच अभियान कार्यक्रम में बोकारो के ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद, सिटी डीएसपी राजीव रंजन सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित थे। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर निकलने से पहले हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल और तेज गति से बचें।

बोकारो पुलिस का यह जागरूकता अभियान राहगीरों और वाहन चालकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। राहगीरों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता बताई। जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जागरूकता के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *