प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। एक ही रात में सड़क हादसे में बोकारो जिला के हद में गोमिया-ललपनिया मुख्य मार्ग पर दो युवक एवं एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना के बाद आक्रोशित रहिवासियों ने सड़क जाम कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन ने सड़क जाम हटाया।
जानकारी के अनुसार बीते 19 मार्च की रात गोमिया प्रखंड के हद में गोमिया-ललपनिया सड़क मार्ग पर अलग अलग हादसे में एक हीं ट्रेक्टर से तीन जनों की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। इस घटना से आक्रोशित रहिवासियों ने मुआवजे की मांग को लेकर 20 मार्च को ललपनिया – गोमिया मुख्य मार्ग स्थित कला सांस्कृतिक भवन के समीप शव को रखकर सड़क जाम कर दिया। जिससे उक्त सड़क मार्ग पर आठ घंटा आवागमन पूरी तरह ठप्प रहा।
जानकारी के अनुसार सड़क जाम की सूचना मिलने पर बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मुकेश मछुवा, गोमिया के अंचलाधिकारी (सीओ) आफताब आलम, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महादेव महतो, सर्किल इंस्पेक्टर (सीआई) जितेंद्र कुमार, ललपनिया थाना प्रभारी जयप्रकाश एक्का सदल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस दौरान प्रशासन द्वारा सड़क जाम हटाने का प्रयास किया गया, किन्तु रहिवासी एवं मृतक के परिजन मुआवजे की मांग को लेकर डटे रहे। तत्पश्चात रहिवासियों के साथ समझौता वार्ता हुई, जिसमें ट्रैक्टर मालिक से मृतक के आश्रित को एक – एक लाख मुआवजा देने और सरकारी प्रावधान के अनुसार उचित अनुग्रह राशि देने पर सहमति बनी।
बताया जाता है कि तत्काल तीनों मृतक के आश्रित को 20 – 20 हजार ट्रैक्टर मालिक द्वारा नकद एवं 80 – 80 हजार का चेक दिया गया। इसके बाद दिन के लगभग एक बजे जाम हटा लिया गया। जाम से लगभग आठ घंटे सड़क के दोनों ओर का आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रैक्टर तथा बाईक व् शव को कब्जे में लेकर कागजी कारवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया।
बताते चले कि बीते 19 मार्च की रात्रि लगभग साढे नौ बजे गोमिया – ललपनिया मार्ग के सामुदायिक कला सांस्कृतिक भवन गेट के समीप ललपनिया से तुलबुल आ रही एक बाइक पर सवार दो युवक अवैध बालू लदी खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली से जा टकराया। जिसमें बाइक सवार तुलबुल पंचायत के ग्राम बोरवाडीह रहिवासी परमेश्वर मांझी का 22 वर्षीय पुत्र कृष्णा मुर्मू तथा बाबूदास किस्कू के 23 वर्षीय पुत्र उमेश किस्कू की मौत मौके पर ही हो गयीं। वहीं दुसरी घटना इसी मार्ग पर गोमिया थाना क्षेत्र के खुजरीटांड़ में उसी ट्रैक्टर की आमने सामने की टक्कर में तिलैया गांव के 60 वर्षीय चंद्र साव की मौके पर ही मौत हो गयीं।
बताया गया कि रात में बालू लेकर आ रही उक्त ट्रैक्टर में कुछ खराबी आने के कारण चालक ट्रैक्टर की ट्रॉली को सड़क किनारे खडा कर इंजन ले कर चला गया था। इसी बीच ललपनिया की ओर से आ रहे बाइक सवार अंधेरे में ट्रॉली नहीं देख पाये और ट्रॉली के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें दोनों बाइक सवार की मौत मौके पर हो गई। समझौता वार्ता में कोदवाटांड़ के मुखिया बबलू हेम्ब्रम, गोमिया विधायक प्रतिनिधि लुदू मांझी, तुलबुल पंचायत के मुखिया पति मुकेश सोरेन, समाजसेवी मदन साव, तुलसी महतो, प्रकाश सोरेन सहित दर्जनों रहिवासी शामिल थे।
![]()













Leave a Reply