Advertisement

केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में जनजातीय गौरव व् राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में 15 नवंबर को जन जातीय गौरव दिवस, झारखंड राज्य स्थापना दिवस तथा भगवान बिरसा मुंडा जयंती का संयुक्त आयोजन किया गया। यह दिवस झारखंड की अस्मिता, आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा तथा भगवान बिरसा मुंडा के अतुलनीय त्याग और नेतृत्व का सम्मान करने हेतु समर्पित रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन तथा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य बी. आर. डे ने अपने संबोधन में कहा कि जन जातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और संघर्ष भारत की धरोहर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रेरणा लेते हुए आदर्श जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में मंच संचालन मोहम्मद इमरान द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया। कार्यक्रम की विशेष वक्ता स्वाति मलिका कुजुर ने जन जातीय समुदाय के इतिहास, स्वाभिमान, प्रकृति से उनके संबंध एवं समाज सुधार की परंपरा पर विद्यार्थियों को जागरूक और प्रेरित किया।

विद्यालय के प्राथमिक खंड के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में विशेष रंग भर दिया। यहां आदिवासी संस्कृति पर आधारित पारंपरिक सामूहिक नृत्य, मधुर सामूहिक गीत तथा बालकों द्वारा ऊर्जावान सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के संगीत शिक्षक द्वारा प्रस्तुत सामूहिक गीत, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह से भर दिया। उपरोक्त सभी कार्यक्रमों ने विद्यालय परिसर को विविध रंगों, ताल, संगीत और सांस्कृतिक ऊर्जा से जीवंत कर दिया। समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *