एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने के उद्देश्य से पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत 11 जून को बहुद्देशीय संस्कृति भवन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के महापौर भोलू पासवान, उपमहापौर पूजा कुमारी, नगर आयुक्त संजीव कुमार एवं सहायक नगर आयुक्त स्मिता किरण ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत में महापौर ने उपस्थित सभी आगंतुकों को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई। वहीं, उपमहापौर ने सभी को तंबाकू सेवन त्यागने एवं नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर महापौर पासवान ने कहा कि चास नगर निगम क्षेत्र के सभी रहिवासी अपने-अपने घरों के सामने कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं, ताकि पर्यावरण संतुलित रहे और शहर हरियाली से आच्छादित हो सके। उपमहापौर पूजा ने कहा कि पौधा है तो जीवन है। उन्होंने रहिवासियों से अधिकाधिक पौधारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि पेड़-पौधे न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण को शुद्ध एवं स्वस्थ बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नगर आयुक्त संजीव कुमार ने कहा कि सभी रहिवासी अपने घरों, अपार्टमेंटों एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। कहा कि वृक्षारोपण से शुद्ध वातावरण प्राप्त होता है। गर्मी के मौसम में छाया मिलती है तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में नगर निगम के दर्जनों वार्ड पार्षदगण, नगर प्रबंधक, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाएं, नगर निगम के पदाधिकारी, कार्यालय कर्मी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। उनकी सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग से पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान और अधिक प्रभावी एवं सफल रहा। अंत में चास नगर निगम ने सभी रहिवासियों से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित चास के निर्माण हेतु पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
![]()













Leave a Reply