पेड़ लगाना भविष्य को बचाना है-प्राचार्य
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून क़ो बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल ढोरी में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य-सह-एआरओ निशिकांत कर एवं सीसीएल ढोरी क्षेत्र के विभागाध्यक्ष पर्यावरण गौरव कुमार ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर ढोरी क्षेत्र के अधिकारी अनिरुद्ध कुमार सहित दर्जन गणमान्य उपस्थित थे।
मौके पर अतिथियों, प्राचार्य व् शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में नीम, पीपल, आम, अमरूद एवं अशोक सहित 50 से अधिक फलदार व छायादार पौधे लगाए। कार्यक्रम में वी.एन. महतो, अशोक कुमार महतो, सोनिया बर्मन सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक, शिक्षिका, कार्यालय कर्मी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य सह-एआरओ निशिकांत कर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम जो पेड़ लगा रहे हैं, वो आने वाली पीढ़ियों के लिए ऑक्सीजन का बैंक है। कहा कि पर्यावरण संरक्षण क़ो सिर्फ नारा नहीं, बल्कि जीवन शैली बननी चाहिए। हर छात्र एक पेड़ गोद लेकर उसकी देखभाल करे, ताकि हमारा देश हरा-भरा हो सके। पर्यावरण को बचाने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए, जल एवं बिजली की बचत करनी चाहिए, प्लास्टिक का उपयोग कम करना चाहिए तथा अपने आसपास की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। गौरव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कोल इंडिया लिमिटेड और सीसीएल पर्यावरण संतुलन के प्रति प्रतिबद्ध है। खनन क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के लिए हम लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रहे हैं। कहा कि डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी का यह प्रयास सराहनीय है।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यालय के छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण पर नुक्कड़ नाटक और कविता पाठ भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने सभी को पर्यावरण बचाने, प्लास्टिक का उपयोग न करने और जल संरक्षण की शपथ दिलाई। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि लगाए गए सभी पौधों की देखभाल के लिए छात्रों की इको-क्लब टीम बनाई गई है जो नियमित रूप से पौधों की निगरानी करेगी।
![]()













Leave a Reply