Advertisement

चुनाव कार्यों को ले बीएलओ व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण, लापरवाही पर सख्ती के निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में 9 अप्रैल को बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनाव कार्यों को ध्यान में रखते हुए घर-घर सर्वेक्षण (हाउस होल्ड सर्वे) की प्रक्रिया को सटीक और प्रभावी ढंग से संपन्न कराना था।

जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीएलओ को घर-घर जाकर डेटा संग्रह करने, मतदाता सूची को अद्यतन करने तथा नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही मोबाइल ऐप एवं डिजिटल माध्यम से डेटा अपलोड करने की तकनीकी जानकारी भी दी गई, ताकि कार्य में पारदर्शिता और गति बनी रहे।

प्रशिक्षण के क्रम में कसमार के अंचलाधिकारी (सीओ) नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि वे सर्वेक्षण के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि एक स्वच्छ एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार हो सके।

वहीं जिला मुख्यालय बोकारो से पहुंचे निर्वाचन विभाग के प्रतिनिधि किशोर कांत ने कहा कि हाउस होल्ड सर्वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है। उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं का नाम जोड़ना, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाना और सभी विवरणों को सही तरीके से दर्ज करना बीएलओ की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

प्रशिक्षण में मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी बीएलओ को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करना होगा और सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त सूचनाओं को पूरी सटीकता के साथ दर्ज करना अनिवार्य है। मौके पर निर्वाचन विभाग के बिमल राय, मनोज कुमार महतो, संतोष महतो, रिजवान सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *