प्रहरी संवाददाता/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में दियारा क्षेत्र रुस्तमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान डूब रही एक युवती को बचाने के प्रयास में छह रहिवासी खुद गहरे पानी में चले गए। स्थानीय रहिवासियों की तत्परता से चार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवती समेत दो रहिवासी गंगा की तेज धारा में बहकर डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में कोहराम मच गया। मृतको के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर रुस्तमपुर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन बीते 12 अप्रैल की शाम तक दोनों लापता का कोई सुराग नहीं मिल सका है। बताया जाता है कि दूसरे दिन 13 अप्रैल की सुबह से फिर से खोजबीन शुरू करने की बात कही गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान पटना जिला के हद में धनरूआ थाना क्षेत्र के पवेरा रहिवासी अरविंद शर्मा के पुत्र निशांत कुमार तथा दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर रहिवासी सुधीर शर्मा की पुत्री मानती कुमारी के रूप में की गई है। दोनों आपस में ममेरा-फुफेरा भाई-बहन बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार निशांत पटना के आलमपुर कच्ची दरगाह स्थित अपनी मौसी के घर आया था, जबकि मानती भी अपने फुआ के यहां आई थी। दोनों बीते 12 अप्रैल को आसपास की पांच महिला और दो पुरुष के साथ स्नान के लिए कच्ची दरगाह स्थित गंगा नदी घाट पहुंचे थे। नदी का जलस्तर कम होने के कारण सभी पीपा पुल के पास स्नान करने लगे। इस दौरान मानती अचानक डूबने लगी। उसे बचाने के लिए अन्य भी आगे बढ़े, जिससे कुल छह गंगा की तेज धारा में फंस गए।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद रहिवासियों ने शोर मचाया और स्थानीय रहिवासियों की मदद से चार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन निशांत और मानती तेज धारा में समा गए। राघोपुर के प्रभारी सीओ सह राजस्व अधिकारी राजीव रंजन ने 13 अप्रैल को बताया कि गंगा नदी में दो के डूबने की सूचना मिलने पर तत्काल एसडीआरएफ की दो टीमों को लगाया गया। दिनभर सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका है।
![]()













Leave a Reply