Advertisement

ग्रीष्मावकाश में ग्रामीण छात्रों का मार्गदर्शन करने वाले टॉपर छात्र-छात्रा सम्मानित

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पीएमश्री एस एस +2 उच्च विद्यालय कसमार के पूर्ववर्ती टॉपर समेत अन्य मेधावी छात्रों को 12 जून के प्रार्थना सभा में सम्मानित किया गया। उक्त टॉपर छात्र-छात्रा ग्रीष्मावकाश के दौरान अपने क्षेत्र के विद्यार्थियों को सुबह- शाम नियमित निःशुल्क पढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा किए थे।

विद्यालय के शंख सदन के तत्वावधान में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य फारुक अंसारी, कार्यक्रम समन्वयक डॉ अवनीश कुमार झा, वरीय शिक्षक डॉ रणजीत कुमार झा एवं दामोदर सदन समन्वयक रामबाबू शुक्ल ने उत्तम शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन हेतु पूर्ववर्ती टॉपर छात्राओं यथा पायल मुखर्जी एवं पलक मुखर्जी, टॉपर छात्र प्रमोद कपरदार एवं पूर्व छात्रा संध्या कुमारी को अंगवस्त्र, लेखनी एवं मिष्ठान भेंटकर सम्मानित किया एवं आगे भी इस शोभनीय कार्य को जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्राचार्य फारुक अंसारी ने युवा छात्र-छात्राओं के कुशल कार्यों के लिए उन्हें साधुवाद दिया। नोडल शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा ने कहा कि एक-एक युवा के शिक्षित होने से कसमार में शिक्षा की धारा बहेगी। वरीय शिक्षक डॉ रणजीत कुमार ने कहा कि शिक्षा दान महादान है। अतः इस पुण्य कार्य की जितनी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है। मौके पर उपस्थित टॉपर छात्र-छात्राओं ने आगे भी अपना मिशन जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक – शिक्षिका एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *