Advertisement

सावन का महीना पवित्रता और सद्भाव का प्रतीक-तेजस्वी यादव

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने 3 अगस्त को सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक एवं पूजा – अर्चना की। इस अवसर पर मंदिर न्यास समिति के कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार के साथ पुजारी पवनजी शास्त्री ने उन्हें अंगवस्त्र, प्रसाद और बाबा का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

मौके पर उपस्थित मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ से हमारे परिवार का पुराना जुड़ाव है। कहा कि उन्हें जब भी समय मिलता है यहां दर्शन के लिए आते हैं। कहा कि सावन का महीना पवित्रता और सद्भाव का प्रतीक है। सभी से अपील है कि इस पर्व को मिलजुल कर शांति और प्रेम से मनाएं।

उन्होंने बाबा से प्रदेश की तरक्की की प्रार्थना करते हुए कहा कि बिहार महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से मुक्त हो। युवाओं को रोजगार और किसानों को उपज का उचित मूल्य मिले। कहा कि गरीब और कमजोर वर्ग का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें। बाबा सबको शक्ति दें, जिससे हम मिलकर बेहतर बिहार का निर्माण कर सकें। सभी के जीवन में सुख-शांति आए।

उन्होंने कांवरियों की सुविधा को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। मार्ग में पेयजल, सुरक्षा और चिकित्सा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। हमारी यही मांग है। हरिहरनाथ मंदिर में पूजा के बाद तेजस्वी ने श्रद्धालुओं और कांवरियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। लगभग डेढ़ घंटे तक वे मंदिर परिसर में मौजूद रहे।

मौके पर महुआ के पूर्व विधायक डॉ मुकेश रोशन,
मढ़ौरा विधायक जितेंद्र राय, राजद प्रवक्ता शक्ति यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और पेयजल की पुख्ता व्यवस्था की थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *