विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। गोमिया क्षेत्र के रहिवासी आयेदिन जल संकट से परेशान रहते है। क्षेत्र में पानी की व्यवस्था दुरुस्त करना अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों का प्रमुख कर्तव्य है। उक्त बातें गोमिया के प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े ने कही।
जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड कार्यालय सभागार में 11 अप्रैल को प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े की अध्यक्षता में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महादेव कुमार महतो, अंचल अधिकारी (सीओ) आफताब आलम, उप प्रमुख अनिल कुमार महतो सहित प्रखंड के कई विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस दौरान प्रखंड प्रमुख ने कहा कि क्षेत्र में गर्मी दस्तक दे चुकी है। इसके लिए पूरे प्रखंड में पानी सप्लाई की व्यवस्था दुरुस्त करना है। कहा कि प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में जितने भी चापानल खराब हैं, उसका लिस्ट बनाकर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को देना है और जल मीनार की वर्तमान स्थिति को भी दर्शाना है। ताकि समय रहते विभाग द्वारा दुरुस्त किया जा सके। इसी प्रकार बिजली के बारे में बताया गया कि प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों आदि के आसपास खुले में तार लटक रहा है।
इसकी जानकारी बिजली विभाग को देकर इसकी मरम्मत कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के बारे में बताया गया कि गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित प्रखंड के अन्य उप स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरत के सभी दवा उपलब्ध है और स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद हैं। वहीं समय समय पर विभिन्न पंचायतों में स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाते हैं।
बैठक में पशुपालन विभाग के संबंध में बताया गया कि लाभुकों को कल्याण विभाग द्वारा स्वरोजगार के लिए जो मुर्गी चूजा, बकरी पालन आदि वितरित किया जाता है, उसका सदुपयोग होना चाहिए। वहीं वितरण के समय संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों को इसकी सूचना मिलनी चाहिए। इसी प्रकार शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी केंद्रों आदि की समस्याओं का समाधान करने की बात कही गई।
मौके पर मुखिया तेजलाल महतो, रामबृक्ष मुर्मू, पंसस विष्णुलाल सिंह, मदन महतो, चांदनी देवी, सुशीला देवी, धनेश्वरी देवी, प्रवीण कुमार यादव, हरि सिंह, रेखा देवी, निमाय सिंह, जेई अजीत कुमार शाह, जेई रोहित मंडल, राजन यादव, गौतम रजक, गौरीशंकर प्रजापति सहित कई पंचायत प्रतिनिधिगण मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply