Advertisement

संकुल सचिव गणेश प्रसाद महतो को भावभीनी विदाई, शिक्षकों ने किया सम्मानित

धुमधुमीटांड़ में आयोजित समारोह में संकुल के शिक्षकों की सहभागिता

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। संकुल सचिव सह सहायक अध्यापक गणेश प्रसाद महतो को उनके सेवाकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के धुमधुमीटांड़ में 7 अप्रैल को भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर संकुल स्तर के सभी शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित होकर संकुल सचिव सह सहायक अध्यापक महतो के कार्यकाल को यादगार बताते हुए भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ की गई। इसके बाद शिक्षकों द्वारा महतो को अंग वस्त्र, माला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने उनके लंबे सेवाकाल, अनुशासनप्रियता एवं शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की।

बरई खुर्द के सचिव रामजीत वास्के ने अपने संबोधन में कहा कि गणेश प्रसाद महतो ने हमेशा संकुल के विकास एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यों से आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। सहायक अध्यापक संघ के केदारनाथ महतो ने कहा कि महतो एक कर्मठ और ईमानदार शिक्षक रहे हैं, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में जो योगदान दिया है, वह अनुकरणीय है।

अर्जुन महतो ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गणेश प्रसाद महतो का व्यवहार सरल एवं सहयोगात्मक रहा है, जिससे सभी शिक्षकों के बीच एकता बनी रही। वहीं भिखारी महतो ने कहा कि उनके नेतृत्व में संकुल में कई सकारात्मक परिवर्तन हुए, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आया। रामदास महतो ने कहा कि महतो का कार्यकाल प्रेरणादायक रहा है और उनका अनुभव आने वाले समय में भी समाज के लिए उपयोगी रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में स्वयं गणेश प्रसाद महतो ने सभी शिक्षकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया और आगे भी शिक्षा एवं समाज सेवा से जुड़े रहेंगे। समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन शिक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। पूरे कार्यक्रम का माहौल भावुकता और सम्मान से परिपूर्ण रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *