Advertisement

सीसीएल के पिपरवार क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर का सफल आयोजन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय (मानव संसाधन प्रबंधन) के तत्वावधान में 10 जून को सीसीएल के पिपरवार क्षेत्र में एक शिकायत निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों, उनके आश्रितों, ठेकेदारों एवं अन्य हितधारकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था।

सीसीएल मुख्यालय रांची के जनसंपर्क विभाग के अनुसार शिकायत निवारण कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यालय के महाप्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) सुमन रस्तोगी द्वारा की गई। इस अवसर पर समाधान प्रकोष्ठ के मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) गौतम चौधरी, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) समाधान प्रकोष्ठ तेजविंदर सिंह, पिपरवार क्षेत्र के विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) सहित मानव संसाधन विभाग के अधिकारीगण, विभागाध्यक्ष (असैनिक), खनन विभाग के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों, कर्मचारियों के आश्रितों, ठेकेदारों एवं अन्य हितधारकों द्वारा कुल 38 शिकायतें दर्ज कराई गईं। प्राप्त शिकायतों में प्रमुख रूप से आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, अनुकम्पा नियुक्ति, सीएमपीएफ से संबंधित ऑनलाइन डाटा अद्यतन तथा अन्य सेवा संबंधी विषय शामिल रहे। प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक आयोजित उक्त शिविर में सभी उपस्थित जरूरतमंदो को अपनी समस्या एवं सुझाव रखने का अवसर प्रदान किया गया। प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा अनेक मामलों में संबंधित को मौके पर ही आवश्यक जानकारी एवं समाधान उपलब्ध कराया गया। कहा गया कि शेष मामलों में नियमानुसार औपचारिक उत्तर प्रदान करते हुए शिकायतों का यथोचित निस्तारण किया जाएगा।

ज्ञात हो कि यह शिकायत निवारण शिविर प्रबंधन एवं हितधारकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद का एक प्रभावी मंच सिद्ध हुआ। साथ ही, यह आयोजन त्वरित शिकायत निवारण, पारदर्शी प्रशासन तथा कर्मचारी कल्याण के प्रति सीसीएल की प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *