मुख्यमंत्री के दौरे में कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर रोष
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के रजिस्ट्री बाजार स्थित भाजपा कार्यालय में 19 अप्रैल को नगर मंडल भाजपा कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ‘बबलू’ की अध्यक्षता एवं उपाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के कुशल संचालन में आयोजित इस बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मन की बात में फिर अव्वल रहने का संकल्प
संगठन मंत्री भीखु भाई दलसानिया एवं प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के निर्देशानुसार, आगामी 26 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु रणनीति बनाई गई।
सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई। गौरतलब है कि अब तक नगर मंडल सोनपुर के शत प्रतिशत बूथों पर कार्यकर्ताओं द्वारा मन की बात सुनकर उसे सरल ऐप पर अपलोड किया जा चुका है।
बैठक में विश्वास जताया गया कि इस बार भी नगर मंडल सोनपुर पूरे सारण पूर्वी जिले में शीर्ष स्थान पर रहेगा।
प्रोटोकॉल के नाम पर भेदभाव: कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी
बैठक के दौरान बीते 17 अप्रैल को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बाबा हरिहरनाथ मंदिर आगमन के दौरान हुई घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया गया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रोटोकॉल का हवाला देकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मंदिर में प्रवेश से रोका गया। वहीं दूसरी ओर, आमजनों के लिए नियमों में ढील दी गई और उन्हें प्रवेश की अनुमति मिली। इस भेदभावपूर्ण व्यवहार से आहत नगर भाजपा कमेटी ने निर्णय लिया कि भविष्य में जब भी एनडीए का कोई भी मंत्री या पदाधिकारी बाबा हरिहरनाथ मंदिर आएगा, तो कार्यकर्ता मंदिर परिसर के बाहर ही उनका स्वागत करेंगे। मंदिर परिसर के भीतर स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ता शामिल नहीं होंगे।
इस अवसर पर नमामि गंगे सारण जिला संयोजक सुनील दुबे, महामंत्री महेश कुमार, समाजसेवी राजीव मुनमुन, धनंजय सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष राणा विमल सिंह, सूर्यप्रकाश सिंह, कांति देवी, सुनीता देवी, अनीता देवी, मिथलेश्वर सिंह, अजय बाबा, शशिभूषण प्रसाद सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply