प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के बुंडू पंचायत एवं सदमा कला पंचायत स्थित भेलवा टांड़ में आयोजित श्रीश्री 1008 श्रीराधा-कृष्ण सह रुद्र हनुमत एवं प्राण-प्रतिष्ठा सह पंच दिवसीय महायज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर 19 अप्रैल को भव्य कलश-यात्रा निकाली गई।
इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में सुबह से ही उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातः लगभग छह बजे यज्ञ स्थल से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश यात्रा की शुरुआत की गयी। कलश यात्रा में सैंकड़ों की संख्या में श्रद्धालू महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा एवं सिर पर 551 कलश लेकर इस यात्रा में शामिल हुईं।
यात्रा का मार्ग यज्ञ स्थल से शुरू होकर गागी हाट, एन एच 23, छत्रु राम महतो चौक, पेटरवार थाना, मंदिर टोला, पटवा टोला, ठाकुर टोला, खत्री टोला होते राजा तालाब तक गया, जहां विधि-विधान के साथ जल भरकर पुनः प्राचीन दुर्गा मंदिर खत्री टोला, बक्सी टोला, मठ टोला एवं केवट टोला होते श्रद्धालु यज्ञ स्थल पहुंचे।
इस अवसर पर राजा तालाब में श्रीसिध्दी विनायक ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं के लिए स्टॉल लगा कर शीतल पेयजल एवं शरबत की व्यवस्था की गई थी। कलश यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़े एवं सभी भक्तों के हाथों में ध्वज के साथ जय श्रीराम, हर हर महादेव एवं राधा कृष्ण का नारा लगाते हुए शंख ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। साथ ही युवाओं द्वारा निकाला गया मोटरसाइकिल जुलूस भी आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजन को सफल बनाने के लिए वीणा परिषद, बजरंगबली मंदिर खुर्द, रॉयल क्लब बुढ़वाटांड़, विशेश्वर धाम मंदिर प्रखंड कॉलोनी, गांव के युवाओं एवं विभिन्न समिति सहित यज्ञ समिति के सदस्यों ने व्यापक तैयारी के साथ व्यवस्था में लगे थे।
![]()













Leave a Reply