Advertisement

अजीत आजाद मेमोरियल क्रिकेट: उद्घाटन मैच में सोनपुर रेल की जीत, पुलिस टीम पराजित

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेडियम में 10 अप्रैल को 25वीं अभियंता अजीत कुमार आजाद मेमोरियल राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह, मंडल क्रीड़ा अधिकारी अभिजात कुमार, पूर्व विधायक पवन जयसवाल और बिहार ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष रवींद्र प्रसाद सिंह समेत अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

​​उद्घाटन मैच में सोनपुर रेल और पुलिस टीम के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। सोनपुर रेल ने अंतिम क्षणों में रोमांचक जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया। जानकारी के अनुसार टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पुलिस टीम संघर्ष करती नजर आई और पूरी टीम 114 रनों पर सिमट गई। आर्यन कुमार (32 रन) और अमन कुमार (22 रन) ही दहाई का आंकड़ा पार कर मुख्य स्कोरर रहे।​ सोनपुर रेल की ओर से अनुपम कुमार और जावेद ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट चटकाए।

​ बताया जाता है कि 115 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सोनपुर रेल की शुरुआत भी खराब रही। हालांकि, विकास कुमार (38 रन) और संतोष कुमार (33 रन) की उपयोगी पारियों की बदौलत टीम ने 9 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने वाले सोनपुर रेल के अनुपम कुमार को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस अवसर पर डॉ दामोदर प्रसाद सिंह, अवधेश सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह, हेमंत कुमार और धीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय गणमान्य रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *