भाजपा नगर मंडल की मासिक बैठक में आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के पंजाब नेशनल बैंक के समीप स्थित विधायक कार्यालय में 7 जून की संध्या भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल के पदाधिकारियों की मासिक बैठक का आयोजन किया गया।
मासिक बैठक में मुख्य अतिथि सह मंडल प्रभारी उपस्थित भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उपेंद्र सिंह ने सोनपुर नगर मंडल की पीठ थपथपाते हुए कहा कि सोनपुर नगर मंडल का कार्य पिछले महीने पूरे सारण जिले में अव्वल रहा है। उन्होंने कहा कि इसी निरंतरता को बनाए रखते हुए संगठन द्वारा बीते 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सोनपुर मंडल में व्यापक वृक्षारोपण भी किया गया।
बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ‘बबलू’ तथा संचालन उपाध्यक्ष राजेश सिंह सोलंकी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और वंदे मातरम के गायन के साथ की गयी।
ज्ञात हो कि भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार, संगठन को मजबूती देने के लिए हर महीने के प्रथम रविवार को मंडल कमेटी की बैठक आयोजित की जाती है। इसी क्रम में यह बैठक बुलाई गई थी। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यों और अभियानों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके तहत
केंद्र सरकार के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर बारह साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन करने, आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन करने, आगामी 25 जून को आपातकाल को काला दिवस के रूप में मनाने एवं 28 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 135वें संस्करण को सभी बूथों पर सुनना और उसकी जानकारी सरल ऐप पर अपलोड करने का निर्णय शामिल है।
बैठक में मंडल प्रभारी ने विश्वास जताया कि सोनपुर नगर मंडल इन सभी आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करेगा। वहीं, नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ‘बबलू’ ने सभी कार्यकर्ताओं को साधुवाद देते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग से पार्टी द्वारा दिए गए हर मासिक कार्य को समय पर पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन निवर्तमान मंडल अध्यक्ष शशिभूषण कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष सत्येंद्र नारायण सिंह व सुबोध कुमार सिंह, मंत्री कृष्णनंदन दास, कांति देवी, अनीता सिंह, वीरेंद्र पासवान, राणा विमल सिंह, अरुण कुमार सिंह, अनवर अली, मृत्युंजय कुमार सिंह, राजन कुमार दास, उमाशंकर सिंह, अंकित कुमार, अभय कुमार सिंह, मिथलेश्वर सिंह, महेश्वर सिंह सहित दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ता और पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply