उपायुक्त के निर्देश पर निरीक्षण, पदाधिकारियों ने सीएचसी का भी लिया जायजा
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर 13 सितंबर को जिले के वरीय पदाधिकारियों ने जिले के सभी नौ प्रखंडों के प्रखंड सह अंचल कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का एक साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की प्रगति, अभिलेखों के रख-रखाव और आमजन को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा करना था।
जिला जनसंपर्क विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उपायुक्त के निर्देश पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने जिला के हद में चास प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सीएचसी कार्यालय, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी ने जरीडीह प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सीएचसी कार्यालय, निदेशक डीआरडीए मेनका ने चंद्रपुरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सीएचसी कार्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मारूति मिंज ने पेटरवार प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सीएचसी कार्यालय, एएमसी चास संजीव कुमार ने चंदनकियारी प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सीएचसी कार्यालय, जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) शालिनी खलखो ने बेरमो प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सीएचसी कार्यालय, जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा ने कसमार प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सीएचसी कार्यालय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) मो. सफीक आलम ने गोमिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सीएचसी कार्यालय एवं अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बेरमो मुकेश मछुवा ने नावाडीह प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सीएचसी कार्यालय का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान वरीय पदाधिकारियों ने कार्यालयों में समय पर उपस्थिति एवं कार्य संस्कृति की जांच की। अभिलेखों और राजस्व रजिस्टरों के रख-रखाव की स्थिति देखी। आम जनता के लंबित मामलों और सेवा वितरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित प्रखंड सह अंचल स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता के कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बताया जाता है कि निरीक्षण टीम ने संबंधित प्रखंड क्षेत्रों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी जायजा लिया। इस क्रम में मरीजों के लिए उपलब्ध दवाइयों, बेड की स्थिति, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की जांच की गई। मरीजों से मिलकर उनकी समस्याएँ और सुविधाओं की जानकारी ली गई। पूर्व में अस्पतालों को उपलब्ध विभिन्न मशीनों/सामग्री के आपूर्ति व् अधिष्ठापन की भी समीक्षा की गयी।
निरिक्षण के दौरान जिले के वरीय पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कहा कि योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुँचना चाहिए। कार्य में लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। सभी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी।
![]()













Leave a Reply