मामला दर्ज होने के सप्ताह बाद भी आरोपी फरार, पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
एस. पी. सक्सेना/पटना (बिहार)। बिहार में सत्ता बदलने के बाद भी न तो बिहार की पुलिस की कार्यशैली बदली है और न हीं दबंगो की दबंगई कम होने का नाम ले रहा है। और तो और अब यहां मीडिया कर्मी भी सुरक्षित नहीं है। दबंगो द्वारा विद्यालय में विकास कार्यों को लेकर हस्तक्षेप से संबंधित समाचार छापने से गुस्साए दबंगो ने आख़िरकार अपनी औकात दिखा दी। बीते 28 जुलाई को जगत प्रहरी के सारण जिला प्रभारी अवध किशोर शर्मा पर जानलेवा हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। हाल यह कि मामला दर्ज होने के एक सप्ताह बाद भी सारण पुलिस नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने में विफल रही है। ऐसे में सारण पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है। घटना को लेकर बिहार व् झारखंड के पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार सारण के वरिष्ठ पत्रकार एवं वैशाली जिला श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के पूर्व महासचिव अवध किशोर शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में जिला के हद में सोनपुर के हरिहरनाथ थाना पुलिस की लापरवाही सामने आयी है। घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस संबंध में बीते 28 जुलाई को हरिहरनाथ थाना में कांड क्रमांक-130/26 दर्ज है। दर्ज कांड के अनुसार घटना 28 जुलाई को हरिहरनाथ थाना क्षेत्र के काली घाट मंदिर के समीप थाना से लगभग 300 मीटर पूरब में घटित हुई। घायल पत्रकार शर्मा द्वारा दिये गये टंकित आवेदन पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 126(2)/115(2)/118(1)/109/351(2) &(3)/3(5) एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अबतक हांथ पर हांथ धरे बैठी है। आवेदन में नामजद अभियुक्त शत्रुधन कुमार, पिता- बेनी राय, ग्राम- सबलपुर, थाना- सोनपुर, जिला- सारण तथा 4-5 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।
ज्ञात हो कि बीते माह पत्रकार शर्मा द्वारा सबलपुर स्थित लालू प्रसाद यादव विद्यालय से संबंधित विकास कार्यों में दबंगो द्वारा अड़ंगा डालने से संबंधित समाचार को जगत प्रहरी में प्रमुखता से प्रकाशित की थी। पीड़ित पत्रकार का कहना है कि यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के बावजूद पुलिस द्वारा गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।
इधर मामले को लेकर सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी, सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह, बिहार प्रदेश भाजपा प्रवक्ता उपेन्द्र सिंह सहित जिले के तमाम पत्रकार संगठनों ने अभियुक्तों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। बताया जाता है कि सांसद रूडी ने सारण एसपी से तथा विधायक सिंह ने सोनपुर डीएसपी से बात कर अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी का निर्देश देने को कहा है। दोनों जनप्रतिनिधियों ने घायल पत्रकार अवध किशोर शर्मा से फोन पर बात कर कुशल क्षेम पूछा और हमलावरों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। इधर कई पत्रकार संगठनों ने चेतावनी दी है कि शीघ्र हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की गयी तो पत्रकार सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
वरिष्ठ पत्रकार विश्वनाथ सिंह, शंकर सिंह, अभय कुमार सिंह, ठाकुर संग्राम सिंह, विपिन कुमार सिंह, मनीष कुमार, संजीत कुमार, गौतम कुमार सहित तमाम पत्रकार इस घटना से क्षुब्ध हैं और उन्होंने हरिहरनाथ थाना कांड क्रमांक-130/26 के सभी नामजद एवं अज्ञात अभियुक्तों को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजने और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply