रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जैनामोड़ स्थित ट्रेकर स्टैंड में यात्रियों एवं आम सुविधा के लिए लगभग आठ वर्ष पूर्व निर्मित आधुनिक शौचालय आज तक चालू नहीं हो सका है।
बताया जाता है कि बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटूल की अनुशंसा पर जिला योजना फंड से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से हाई स्कूल के समीप इस शौचालय का निर्माण कराया गया था। बावजूद इसके जरीडीह के प्रखंड प्रशासन की उदासीनता और लापरवाही के कारण यह शौचालय अब तक आम जनता के लिए सुलभ नहीं हो पाया है।
इस संबंध में जैनामोड़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंह ने बोकारो जिला उपायुक्त को पत्र भेजकर अविलंब शौचालय चालू कराने की मांग की है। सिंह ने आरोप लगाया कि निर्माण के बाद भी इसका विधिवत उद्घाटन नहीं कराया गया और 15वें वित्त आयोग की योजना के तहत रंग-रोगन व सुंदरीकरण के नाम पर लाखों रुपये खर्च कर अनियमितता बरती गई। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि यह बंदरबांट का मामला प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि जैनामोड़ बाजार में प्रतिदिन आने वाले हजारों यात्रियों व् रहिवासियों, खासकर महिलाओं को शौचालय की सुविधा नहीं मिलने से भारी परेशानियों का सामना करना पर रहा है। ऐसे में इस शौचालय को जल्द से जल्द चालू कराना अत्यंत आवश्यक है।
![]()













Leave a Reply