थैलेसीमिक बच्चों के लिए देवदूत हैं ब्लडमैन सलूजा-रोटेरियन डिंपल कौर
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून को ह्यूमैनिटी सेवियर्स एवं रोटरी क्लब चास के संयुक्त तत्वाधान में रेड क्रॉस ब्लड बैंक बोकारो में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य रूप से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्त एकत्रित किया गया, जिसमें रक्त वीरांगनाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
जानकारी के अनुसार आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 17 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। ब्लड मैन सलूजा ने अपने जीवन का 58वां रक्तदान किया। वहीं 56 वर्षीय रोटेरियन शैल रस्तोगी ने अपना पहला रक्तदान किया।
शिविर के नेतृत्वकर्ता एवं ह्यूमैनिटी सेवियर्स के संस्थापक अध्यक्ष रोटेरियन हरबंश सिंह सलूजा ने कहा कि थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रोटरी क्लब चास एवं ह्यूमैनिटी सेवियर्स द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कर ब्लड बैंक में रक्त मुहैया कराया जाता है। कहा कि हमारी संस्था का यही प्रयास रहता है की थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए कभी भी रक्त की कमी ना हो।
रोटरी क्लब चास की अध्यक्ष डिंपल कौर ने कहा कि रोटरी क्लब चास हमेशा सामाजिक दायित्व के तहत समाज में अनेकों जरूरतमंदों के बीच अपनी सेवा देती रहती है, उसी कड़ी में आज रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए ब्लडमैन सलूजा देवदूत समान हैं।
रोटरी क्लब चास की सचिव श्वेता रस्तोगी ने कहा कि समाज के सभी वर्गो को बिना भेदभाव थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान शिविरों का आयोजन कर ब्लड बैंक में भरपूर मात्रा में रक्त उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि किसी जरूरतमंद की जान रक्त की कमी से न जाने पाए।
शिविर में रोटेरियन श्वेता रस्तोगी, रोटेरियन गौरव रस्तोगी, रोटेरियन मनजीत सिंह, रोटेरियन आनंद अग्रवाल, रोटेरियन शेशांक अग्रवाल समेत अन्य ने रक्तदान किया। शिविर के सफल आयोजन में रोटेरियन अमन मल्लिक, रोटेरियन कुमार अमरदीप, रोटेरियन संजय रस्तोगी, अनिरुद्ध श्रीवास्तव, माया राय, श्यामल ठाकुर, तेजिंदर सिंह एवं रेड क्रॉस ब्लड बैंक के राजकुमार सहित पूरी टीम का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में रोटेरियन अमन मल्लिक ने सभी रक्तदाताओं को रक्तदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
![]()













Leave a Reply