Advertisement

संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन को ले समीक्षा

डीसी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी) भर्ती प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। इसी क्रम में 18 अप्रैल को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने अपने गोपनीय कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी केंद्राधीक्षकों, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा ऑब्जर्वर, फ्लाइंग स्क्वाड एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ज्ञात हो कि 19 अप्रैल को संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी) भर्ती प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 का आयोजन होगा। इसे लेकर डीसी ने आयोग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया तथा कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि परीक्षार्थियों का प्रवेश सघन जांच के बाद ही किया जाए। बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए तथा मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट हैंड वाच जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध रहेगा।

वीडिओ कांफ्रेंसिंग में उन्होंने चास तथा बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारियों को कहा कि परीक्षा केंद्रों के निश्चित परिधि में बीएनएसएस की धारा 163 लागू किया गया है, ताकि विधि-व्यवस्था बनाए रखा जा सके। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को सुनिश्चित करने को कहा कि सभी 29 परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी – बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करने, फ्रिस्किंग (तलाशी) आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।

मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, नोडल पदाधिकारी सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे। जानकारी के अनुसार बोकारो जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ करने का निर्देश दिया है, ताकि परीक्षा का आयोजन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। जानकारी हो कि बोकारो जिला में कुल 29 परीक्षा केंद्र बनाएं गए हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *