Advertisement

विधानसभा क्षेत्र निर्वाची पदाधिकारियों व् कोषांग नोडल पदाधिकारी की समीक्षा बैठक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में 11 सितंबर को जिला समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी और कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सभी निर्वाची पदाधिकारी से अबतक की गयी उनकी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सबसे पहले अपने स्तर पर कोषांगों का गठन कर लें। जिसमें आरओ सेल, नाम निर्देशन कोषांग, मतपत्र कोषांग, डाटा अपलोडिंग कोषांग, वाहन कोषांग आदि महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि कोषांग में ऐसे अधिकारी और कर्मी को चिन्हित कर रखें जो नियम कानून और प्रक्रिया की समझ रखते हों और जो फिल्ड वर्क में दक्ष हों। जिलाधिकारी ने अपने डिस्पैच सेंटर, वेयर हाउस, कमीशनिंग स्थल और स्ट्रॉन्ग रूम के साथ कलेक्शन सेंटर का भ्रमण कर आवश्यकताओं का आंकलन कर अधियाचना तैयार करने का निर्देश दिया।

परसा व सोनपुर का डिस्पैच गोगल सिंह हाई स्कूल नयागांव से करने का प्रस्ताव

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि सम्भवतः छपरा, गरखा, एकमा और बनियापुर विधानसभा का डिस्पैच जेपी यूनिवर्सिटी से, मढ़ौरा, तरैया और अमनौर का आईटीआई मढ़ौरा से, मांझी का डिस्पैच राजेंद्र कालेज और परसा व सोनपुर का डिस्पैच गोगल सिंह हाई स्कुल नयागांव से करने का प्रस्ताव है। साथ ही सभी विधानसभा का कलेक्शन और काउंटिंग सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित बाजार समिति में कराए जाने का प्रस्ताव है। कहा कि सभी आरओ स्थल निरीक्षण करते हुए चुनाव आयोग के एसओपी और अपनी जरूरत व सहूलियत के अनुसार कार्य प्रारम्भ कर दें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला स्तर पर कुल 22 कोषांग का गठन आपकी सहायता के लिए गठित किए गए हैं। कार्य निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारी को स्वतंत्र रूप से कार्य करना और कराना है। इसमें जिला कोषांग के नोडल पदाधिकारी से सतत संपर्क रखते हुए आवश्यक सहायता प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि अगले माह के प्रथम सप्ताह में नोटीफिकेशन होने का अनुमान कर कार्य करें, ताकि आपको सभी तैयारियों को पूरा करने में कोई कठिनाई न हो और पर्याप्त समय मिल सके।

बैठक में कार्मिक, प्रशिक्षण, इवीएम, बज्रगृह, सामग्री, विधि व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता, मतपत्र, डाक मतपत्र, नाम निर्देशन, प्रेक्षक, मीडिया, कम्प्यूटराइजेशन, साइबर सुरक्षा, शिकायत निवारण, कम्युनिकेशन, सिंगल विंडो, स्वीप, निर्वाचन कोषांग आदि की पीपीटी के माध्यम से कार्य योजना की समीक्षा की गयी और आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, आरओ सह अपर समाहर्ता शिव कुमार पंडित, एसडीएम सदर नीतेश कुमार, एसडीएम सोनपुर स्निग्धा नेहा, एसडीएम मढ़ौरा निधि राज, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ओम प्रकाश, डीपीआरओ शशि कुमार, डीसीएलआर सदर आलोक कुमार, डीसीएलआर मढ़ौरा धनंजय त्रिपाठी, डीसीएलआर सोनपुर राधेश्याम कुमार मिश्रा आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *