Advertisement

पंचायत सेवक के विरुद्ध प्रतिनिधियों ने खोला मोर्चा

एस.पी.सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला (Bokaro district) के हद में जारंगडीह उत्तरी पंचायत के प्रतिनिधियों ने स्थानीय पंचायत सेवक के खिलाफ मोर्चा (Morcha) खोल दिया है। इसे लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने बीते 8 जनवरी बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी को पत्र प्रेषित किया है।

पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा बीडीओ (BDO) को प्रेषित पत्र में कहा गया है कि उक्त पंचायत के वर्तमान पंचायत सेवक गजेंद्र प्रसाद वर्मा के मनमाना रवैये के कारण कार्य करने में पंचायत के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत सेवक वर्मा यदा-कदा पंचायत भवन में बैठते हैं। जब भी पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा फोन कर बुलाया जाता है तो स्पष्ट शब्दों में उनके द्वारा कहा जाता है कि हमारे पास समय नहीं है।

जिससे पंचायत वासियों को जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भी प्रखंड का चक्कर लगाना पड़ रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों में उप मुखिया रोशन घासी, वार्ड सदस्यों में नूपुर देवी, कमला देवी, शीला देवी, सेमुल निशा, कमली देवी, रूबी देवी, ललित रजक, टिकेश्वर राम आदि शामिल हैं।

इस संबंध में बेरमो बीडीओ मधु कुमारी (Bermo BDO Madhu Kumari) ने बताया कि उन्हें भी शिकायतों के बारे में जानकारी मिली है। वर्तमान में वे अस्वस्थता के कारण छुट्टी पर हैं। दो दिन बाद वे कार्यस्थल पर जाएंगे, तब उक्त मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *