Advertisement

दक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को सुदृढ़ करने को ले सीसीएल में एसओपी का विमोचन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस में 4 अप्रैल को संगठनात्मक कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तहत विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग तथा उत्खनन विभाग के मानक संचालन प्रक्रिया स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का विधिवत विमोचन किया गया।

इस अवसर पर आयोजित बैठक में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (तकनीकी एवं संचालन) चंद्रशेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना)
अनूप हंजुरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार सहित विभागाध्यक्षगण उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह सहित गणमान्य अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से एसओपी का विमोचन किया गया। यह संबंधित विभागों के कार्यों के निष्पादन हेतु एक स्पष्ट, मानकीकृत एवं व्यवस्थित दिशा-निर्देश प्रदान करेगा। इसका प्रमुख उद्देश्य कार्यप्रणाली में एकरूपता स्थापित करना, प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाना तथा संचालन में दक्षता को बढ़ाना है। इसके माध्यम से कार्यों के निष्पादन में स्पष्टता आएगी।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार एसओपी के क्रियान्वयन से निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक सुसंगत एवं समयबद्ध होगी, जिससे कार्यों की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार अपेक्षित है। कहा गया कि इस प्रकार की मानकीकृत प्रक्रियाएं संगठन को अधिक सुदृढ़ एवं उत्तरदायी बनाती हैं। यह पहल न केवल आंतरिक कार्यप्रणाली को सशक्त करेगी, बल्कि संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा प्रबंधन को भी अधिक प्रभावी बनाएगी।

एसओपी विमोचन के दौरान अधिकारियों ने इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया तथा संबंधित विभागों से अपेक्षा की गई कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि सीसीएल की समग्र कार्यक्षमता में सकारात्मक वृद्धि हो सके। कहा गया कि सीसीएल सतत विकास एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को इस प्रकार की पहलों के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ा रहा है। एसओपी लागु होने से कंपनी में बेहतर कार्यक्षमता तथा उत्तरदायित्व के निर्वहन में सहायक सिद्ध होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *