Advertisement

राशनकार्ड रद्द किये जाने के खिलाफ खेग्रामस-माले द्वारा ताजपुर में विरोध मार्च

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड में गरीबों का 3867 राशनकार्ड रद्द किये जाने के खिलाफ खेग्रामस एवं भाकपा माले के नेतृत्व में 13 जून को ताजपुर प्रखंड के मोतीपुर में विरोध मार्च निकाला गया। विरोध मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गरीबों के राशनकार्ड पुनः बहाल करने की मांग की।

विरोध मार्च को संबोधित करते हुए माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में गरीब, मजदूर एवं निम्न आय वर्ग के रहिवासियों के राशनकार्ड रद्द कर दिये गये हैं, जिससे उनके समक्ष खाद्यान्न संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों को मिलने वाली सुविधाओं में कटौती कर रही है, जबकि महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।

उपस्थित अन्य वक्ताओं ने मनरेगा को प्रभावी ढंग से पुनः बहाल कर सभी जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को नियमित रोजगार उपलब्ध कराने, भूमिहीन गरीबों को वासभूमि एवं आवास देने तथा बुलडोजर राज पर रोक लगाने की मांग की। कहा गया कि गरीबों और वंचितों के अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ संघर्ष तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रखंड कमिटी सदस्य ललन दास ने चेतावनी दी कि यदि रद्द किये गये राशनकार्डों को शीघ्र बहाल नहीं किया गया तथा गरीबों की अन्य मांगों पर कार्रवाई नहीं की गयी तो व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा। विरोध मार्च में सुशील सहनी, विभा देवी, देबकी सहनी, चंदन सहनी, राजकुमारी देवी, अनुठिया देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला-पुरुष, खेग्रामस एवं भाकपा माले के कार्यकर्ता शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *