एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के शाहपुर बघौनी वार्ड 7 पासवान टोला में पहुंच पथ से वंचित रहिवासी भाकपा माले के बैनर तले 24 सितंबर को प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे।
इस आशय से संबंधित स्मार-पत्र 16 सितंबर को ताजपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी गौरव कुमार एवं अंचल अधिकारी आरती कुमारी को सौंपकर यथाशीघ्र वार्ड 7 दलित-महादलित टोले में पहुंच पथ बनाने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई। दूसरी ओर पहुंच पथ से वंचित मुहल्ला वासियों की एक बैठक आहूत की गई। बैठक में बड़ी भागीदारी के साथ आगामी 24 सितंबर को आहुत धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता इनौस जिलाध्यक्ष आसिफ होदा ने की। बतौर पर्यवेक्षक भाकपा माले प्रखंड कमिटी सदस्य मो. एजाज समेत सरपंच पति शाकीर हुसैन, संजू कुमार, मो. फैयाज, आशा देवी, रीना देवी, ममता देवी, कौशल्या देवी समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरूष मौजूद थे।
बैठक में बतौर अतिथि भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि आजादी के लगभग 77 साल बाद भी दलित-महादलित मुहल्ले में पहुंच पथ का नहीं होना अभिशाप जैसा है, जबकि सरकार हरेक दलित-महादलित मुहल्ले में पहुंच पथ बनाने का स्वांग रचती है। कहा कि भाकपा माले प्रखंड के सभी दलित-महादलित समेत गरीब बस्ती में पहुंच पथ का निर्माण करने के लिए संघर्ष तेज करेगी।
![]()













Leave a Reply