एस. पी. सक्सेना/मुजफ्फरपुर (बिहार)। मुजफ्फरपुर जिला के हद में ग्राम पंचायत मकसुदपुर में पोषण पखवाड़ा के तहत 18 अप्रैल को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पंचायत के मुखिया बरूण कुमार उर्फ बरूण सरकार ने किया, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा दीदी एवं ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जानकारी देते हुए शिक्षिका सह युवा कवियित्री सविता राज ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान संतुलित आहार, स्वच्छता तथा बच्चों और माताओं के बेहतर स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया गया। मुखिया बरूण कुमार ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही एक मजबूत समाज की नींव है। उन्होंने उपस्थित सभी ग्रामीणों को पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सविता राज के अनुसार वर्ष 2026 के पोषण अभियान की थीम बच्चों का स्क्रीन टाइम कम करना को ध्यान में रखते हुए मुखिया द्वारा पंचायत के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर शैक्षणिक खिलौनों का वितरण किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर रखते हुए खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित करना है। उपस्थित रहिवासियों को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनिशा ने कहा कि कुपोषण से निपटने के लिए हमें एनीमिया पर नियंत्रण करना होगा। इसके लिए हमें अपने घरों में पोषण वाटिका लगाना जरूरी हैं। जिला समन्वय सी थ्री संस्था के निलेश कुमार ने बताया कि एनीमिया का सबसे बड़ा कारण जंक फूड है।

अगर हम सब को इस से बचना है तो श्रीअन्न (मोटे अनाज) को भोजन में नियमित रूप से लेना होगा। जिला परिषद् सदस्य हिमान्शु कुमार ने कहा कि एईएस से बचाव के लिए हम सबको अपने अपने क्षेत्र में लगातार जागरूकता कार्यक्रम करने की जरूरत है, ताकि किसी भी बच्चे की मृत्यु एईएस के वजह से ना हो। इस अवसर पर पोषण से संबंधित प्रदर्शनी, जागरूकता रैली सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे ग्रामीणों में स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ी।
ग्रामीण रहिवासियों ने इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता जताई। कार्यक्रम में एम-एचएंडएंड के प्रबंधक शोभा कुमारी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) जीविका प्रणव कुमार, महिला पर्यवेक्षिका प्रगति तिवारी, बीसीएम मीरा कुमारी, पंचायत के सभी सीएचऒ, सेविका, आशा, जीविका दीदी एवं ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply