Advertisement

रेल कारखाना पर अनशन आंदोलन की सफलता को लेकर जुलूस

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर स्थित रेल कारखाना में आगामी 22 सितंबर को आहूत आंदोलन को लेकर 19 सितंबर को शहर में जुलूस निकाला गया।

रेल कारखाना में पीओएच डब्बा निर्माण शुरू करने, भोला टाकीज-मुक्तापुर-अटेरन चौक रेल गुमटी पर ओवरब्रीज निर्माण कार्य शुरू करने, कर्पूरीग्राम-ताजपुर-भगवानपुर, केबल स्थान-कर्पूरीग्राम एवं दलसिंहसराय-पटोरी नई रेल लाईन योजना को मंजूरी देने, माधुरी चौक स्थित चिल्ड्रेन पार्क का जीर्णोद्धार करने, रेल अस्पताल को केंद्रीय अस्पताल का दर्जा देने आदि मांगों को लेकर रेल कारखाना पर 22 सितंबर से आहुत अनिश्चितकालीन आमरण अनशन आन्दोलन की सफलता को लेकर रेल विस्तार एवं विकास मंच द्वारा डीआरएम चौक पर जुलूस निकालकर सभा का आयोजन किया गया।

सभा की अध्यक्षता जीबछ पासवान तथा संचालन रघुनाथ राय ने किया। सभा को भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, उपेंद्र राय, शिक्षक जीतेंद्र कुमार, सेवानिवृत्त सैनिक रामबली सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक राय, माकपा के रघुनाथ राय, राजद के राकेश ठाकुर, शंभू राय, कांग्रेस के डोमन राय, विश्वनाथ सिंह हजारी, सुरेंद्र राम, राजेंद्र राय, अरूण कुमार, मनोज कुमार राय, शंभू राय, राजेंद्र राय, अरुण कुमार, सुशील कुमार राय, अनील कुमार राय, जगलाल राय आदि ने संबोधित किया।

सभा को संबोधित करते हुए माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि रेल प्रशासन माधुरी चौक स्थित चिल्ड्रेन पार्क का जीर्णोद्धार करे एवं रेल अस्पताल को केंद्रीय अस्पताल का दर्जा दे। मंच संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने कहा कि कर्पूरीग्राम-ताजपुर-महुआ-भगवानपुर, केबल स्थान-कर्पूरीग्राम, दलसिंहसराय-पटोरी नई रेल लाईन योजना को मंजूरी दे। राजद नेता राकेश ठाकुर ने कहा कि समस्तीपुर चीनी मिल, पेपर मिल की तरह रेल प्रशासन समस्तीपुर रेल कारखाना को खत्म करने की साज़िश कर रही है।

रेल विस्तार एवं विकास मंच रेल प्रशासन के इस मंसूबे को कामयाब नहीं होने देगी। जब पीओएच डब्बा निर्माण के लिए बजट सत्र 2016-17 में 63 करोड़ 82 लाख 57 हजार रूपये आवंटन हुआ, रूपये निकासी भी की गई फिर डब्बा निर्माण कार्य की शुरुआत क्यों नहीं हुआ। कहा कि कभी जगह कम होने का बहाना तो फिर कभी जांच कमिटी का बहाना बनाकर पीओएच डब्बा निर्माण कार्य शुरू कराने से रेल प्रशासन भाग रही है और भागते रेल प्रशासन को पकड़ने के लिए मंच रेल कारखाना पर 22 सितंबर से अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल करेगी।

माकपा के रघुनाथ राय ने जिले के सभी सामाजिक एवं राजनीतिक दलों, संगठनों, छात्र-नौजवान, मजदूर-किसान, व्यवसाय -बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों से इस कार्यक्रम में शरीक होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
बैठक से अनशन आन्दोलन की सफलता के लिए अनशनकारी का नाम तय किया गया।

साथ ही जगह-जगह बैठक करने, आमंत्रण पत्र एवं पर्चा वितरण करने, नुक्कड़ सभा, अपने-अपने संगठन एवं दलों के कार्यकर्ताओं की भागीदारी दिलाने आदि का निर्णय लिया गया। अंत में अनशन आन्दोलन की संपूर्ण तैयारी की समीक्षा बैठक डीआरएम चौक पर 21 सितंबर को 10 बजे दिन से करने की घोषणा की गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *