बालिका शिक्षा के प्रसार का लिया गया सामूहिक संकल्प
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापिका का पदभार ग्रहण करने पर प्रख्यात शिक्षाविद, समाजसेवी एवं साहित्यकार डॉ केकी कृष्ण को पंचशील सामाजिक संस्था द्वारा 2 अगस्त को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में संस्था की महिलाओं एवं पदाधिकारियों ने डॉ कृष्ण को पुष्पगुच्छ, हरित पौधा और अंगवस्त्र भेंट कर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्ष सुनैना सिंह ने की। उन्होंने कहा कि डॉ केकी कृष्ण शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व हैं। उन्होंने अपना जीवन बालिका शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के लिए समर्पित किया है। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में विद्यालय नई ऊंचाइयों को छुएगा। संस्था की उपाध्यक्ष गीता क्याल ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है और डॉ कृष्ण का नेतृत्व छात्राओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा। वहीं उपसचिव ममता सिंह ने कहा कि डॉ कृष्ण का व्यक्तित्व सेवा, अनुशासन और संवेदनशीलता का संगम है।
अपने सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए डॉ केकी कृष्ण ने कहा कि पद सम्मान नहीं, बल्कि दायित्व का प्रतीक है। प्रत्येक जिम्मेदारी को कर्तव्य मानकर ईमानदारी और निष्ठा से निभाना चाहिए। उन्होंने संस्था की सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने आस-पास की विद्यालय न जा पाने वाली बालिकाओं को चिन्हित कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जब हर बेटी शिक्षित होगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।
समारोह में कुमुद दूबे, अरुणा श्रीवास्तव, सरोज मिश्रा, मीना सिंह, रेखा जायसवाल, शर्मिला सिंह, अनीता सोनी सहित संस्था की अन्य महिला सदस्यों ने डॉ कृष्ण का स्वागत किया। अंत में सभी ने बालिका शिक्षा के प्रसार और शैक्षणिक जागरूकता के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply