अंगवाली उत्तरी पंचायत ग्रामीण सरकारी स्वास्थ्य सेवा से वर्तमान में पूरी तरह वंचित
प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के अंगवाली उत्तरी पंचायत के घनी आबादी वाले गांव खास अंगवाली के ग्रामीण बीते वर्ष से ही सरकारी स्वास्थ्य सेवा की उपलब्धता से पूरी तरह वंचित हैं।
ज्ञात हो कि बेरमो के पूर्व विधायक सह सूबे के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दिवंगत राजेंद्र प्रसाद सिंह के समय वित्तीय वर्ष 2013-14 में निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चालू होने के पूर्व ही वित्तीय वर्ष 2019-20 में ही कथित अपराधी गिरोह का निवाला बन गया था। तब उक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कुछ दिनों तक जैसे तैसे पेटरवार सीएचसी के तत्कालीन चिकित्सा प्रभारी डॉ अलबेल केरकेट्टा की निगरानी में ओपीडी सेवा जारी रहा। फिर यह सेवा पंचायत भवन के निकटस्थ स्वास्थ्य उपकेंद्र में प्रारंभ हुआ, जो काफी दिनों तक चलता रहा। यहां सीएचओ, एमपीडब्ल्यू, एएनएम, सहिया, कई स्वास्थ्य कर्मी सेवा देते रहे। यानि कि अंगवाली के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवा मिलती रही।
बता दें कि बीते वर्ष अंगवाली दक्षिणी पंचायत अंतर्गत गाभरमोचरो आदिवासी टोला में विभागीय स्तर पर निर्मित स्वस्थ उपकेंद्र में बीते वर्ष विभागीय आदेश से प्रारंभ हुई स्वास्थ्य सेवा से आदिवासी बहुल क्षेत्र के रहिवासी तो लाभान्वित हो रहे है, पर अंगवाली उत्तरी पंचायत के ग्रामीणों को पांच किलोमीटर दूर जाकर उक्त स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य सेवा लेना संभव नहीं। हाल ही में अंगवाली स्वास्थ्य उपकेंद्र की सौंदर्यीकरण के लिए लाखों रुपए खर्च किए गये, जिसे अबतक चालू नहीं किया जा सका है। यहां एक एएनएम, दो सहिया, एक स्वास्थ्य कर्मी सिर्फ विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साप्ताहिक टीकाकरण में जुटे रहते हैं।
पेटरवार प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ कुंदन राज से इस संबंध में 13 अप्रैल को पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला महकमा को बहुत पहले ही लिखा जा चुका है, पर अबतक कोई पहल नहीं होना आश्चर्य की बात है।
![]()













Leave a Reply