रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दांतू के खेलाचंडी मंदिर परिसर में आगामी 7 से 15 मई तक श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होगा।
नौ दिवसीय श्रीश्री 108 श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन को लेकर तैयारी तेज कर दिया गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान में विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन, आरती, प्रवचन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत 7 मई को भव्य जल यात्रा के साथ होगी। इसके पश्चात 8 से 14 मई तक प्रतिदिन वेदी पूजन, हवन, आरती, प्रसाद वितरण एवं रात्रि में अयोध्या से पधार रही देवी ज्योति शास्त्रीजी द्वारा प्रवचन किया जाएगा। 14 मई को प्रातः 11 बजे श्रीराम दरबार मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की जायेगी। वहीं 15 मई को पूर्णाहुति, कन्या पूजन, भव्य भंडारा एवं भक्ति जागरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
यज्ञ समिति के अनुसार नव-निर्मित मंदिर को श्रीराम मंदिर के नाम से जाना जाएगा तथा प्रत्येक वर्ष 22 जनवरी को यहां विशेष पूजा एवं उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर दांतू के दुर्गा मंदिर परिसर में 5 अप्रैल को एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से यज्ञ समिति का गठन किया गया। समिति में लक्ष्मण कुमार नायक को अध्यक्ष तथा नागेंद्र नायक व् चंद्रशेखर नायक को सचिव चुना गया।
इस अवसर पर समिति में अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी जिम्मेदारियाँ सौंपी गई। अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार नायक ने कहा कि यह आयोजन हमारे ग्राम और क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। हम सभी ग्रामवासियों के सहयोग से इस महायज्ञ को भव्य और सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सभी श्रद्धालुओं से अपील है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पुण्य के भागी बनें।
सचिव नागेंद्र नायक एवं चंद्रशेखर नायक ने संयुक्त रूप से कहा कि कार्यक्रम की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। यज्ञ समिति के सभी सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। कहा कि हम पूरे क्षेत्रवासियों से आग्रह करते हैं कि इस पावन आयोजन में शामिल होकर धार्मिक माहौल को और अधिक दिव्य बनाएं। बैठक में समिति के अन्य पदाधिकारी, सलाहकार, संरक्षक एवं कई गणमान्य उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियाँ तेजी से अंतिम रूप दी जा रही है।
![]()













Leave a Reply