Advertisement

लापता महिला व दो नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने 48 घंटे में किया बरामद

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वशिष्ठ नारायण सिंह द्वारा 15 अप्रैल को तेनुघाट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर लापता महिला की बरामदगी का दावा किया गया।

एसडीपीओ सिंह ने पत्रकारों को बताया कि बोकारो जिला के हद में नावाडीह थाना की पुलिस ने 48 घंटे में लापता एक महिला व दो नाबालिग बच्चियों को बरामद करने में सफलता पायी है।

महिला के कथित बयान के आधार पर एसडीपीओ ने बताया कि घरेलू आर्थिक तंगी के कारण बिना बताए घर छोड़कर रांची काम के तलाश में गई एक महिला और दो नाबालिग लड़कियों को बेरमो पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। तीनों को व्यवहार न्यायालय तेनुघाट में उपस्थापित कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

क्या था मामला

एसडीपीओ ने बताया कि बीते 12 अप्रैल को नावाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम खरपिटो रहिवासी हुल्लास प्रजापति ने थाना में लिखित आवेदन दिया। आवेदन में बताया गया कि उनके घर की एक महिला और दो नाबालिग लड़कियां बीते 11 अप्रैल से लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चल पाया और तीनों का मोबाइल भी बंद आ रहा था।

इस संबंध में नावाडीह थाना में कांड क्रमांक-27/26, धारा-96/137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर सूचना संकलन, टेक्निकल इनपुट और बैंक निकासी के आधार पर जांच की गई। पता चला कि घरेलू आर्थिक तंगी और पैसे की जरूरत के कारण तीनों बिना बताए रांची चले गए थे। वहां वे किराये के मकान में रहकर काम की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक अकाउंट से 1600/- रु0 की निकासी भी की थी। इसके बाद नावाडीह पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त महिला एवं दोनों नाबालिग बच्चियों को रांची से सकुशल बरामद कर लिया।

छापामारी दल में थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी सहित अनुसंधानकर्ता नावाडीह थाना के पुलिस अवर निरीक्षक राजीव रंजन, सहायक अवर निरीक्षक उदय कुमार महतो, महिला आरक्षी नीतू कुमारी व् नावाडीह थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *